दीपावली की आहट मिलते ही घर-आँगन में एक अलग सी हलचल शुरू हो जाती है। पुताई की महक, आलमारियों से उतरने पुराने डिब्बे, छत पर सूखते पापड़ और बाजार में सजती रंग-बिरंगी झालरें यह सब गवाही देते हैं कि त्योहारों का मौसम आ चुका है। इस पूरे उल्लास की विधिवत शुरुआत होती है ‘धनतेरस’ से.
कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी का यह दिन केवल खरीदारी या बर्तनों की खनक तक सीमित नहीं है, यह हमारे जीवन में स्वास्थ्य, समृद्धि और आभार का गहरा प्रतीक है. अक्सर लोग ‘धनतेरस’ को सिर्फ सोना चाँदी खरीदने का दिन मान लेते हैं। बाजारों के विज्ञापनों ने भी इस दिन को केवल खर्च करने का उत्सव बना दिया है। लेकिन थोड़ा ठहरकर अपनी परंपराओं को देखें, तो समझ आता है कि हमारे पुरखों ने इस दिन की नींव केवल भौतिक संपत्ति के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सबसे बुनियादी जरूरत यानी अच्छी सेहत के लिए रखा था.
सेहत से बड़ा कोई धन नहीं: धन्वंतरि जयंती
पौराणिक कथाओं के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान जब चौदह रत्न मिले निकले, तो उसमे भगवान धन्वंतरि भी शामिल थे। वे हाथ में अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। उन्हें देवताओं का वैद्य और आयुर्वेद का जनक माना जाता है। विचार करने वाली बात थी कि समृद्धि के त्योहारों की शुरुआत में सबसे पहला नमन किसी खजाने को नहीं, बल्कि आरोग्य के देवता को किया जाता है। कहावत भी है – पहला सुख निरोगी काया, दूजा सुख घर में माया!
अगर शरीर में ऊर्जा और मन में शांति ही न हो, तो तिजोरी में रखा सोना भी किस काम का? आज का भाग दौड़ स्क्रीन टाइम और तनाव भरी जिंदगी में यह बात भी सच लगती है। “धनतेरस” हमें रूककर यह याद दिलाता है कि आप अपने खान-पान दिनचर्या और मानसिक सुकून पर ध्यान देना कितना जरूरी है। इस दिन का असली स्वागत यही है कि हम अपनी सेहत के प्रति सजग रहने का संकल्प लें.
बाजार की रौनक और बर्तनों की खनक :-
धनतेरस पर बाजार का नजारा देखते ही बनता है। दोपहर ढलते ही दुकानों पर भीड़ उमड़ती है। वह देखने लायक होती है। गली मोहल्लों के बर्तन वाले अपनी दुकानों को बाहर तक सजा लेते हैं। पीतल के चमचमाते परांत, तांबे के मग और स्टील के बर्तनों के ढेर के बीच मोल भाव करती औरतें और बच्चों की जिद – यह दृश्य हर भारतीय घर की यादों में बसा हुआ है। शगुन के तौर पर नया बर्तन खरीदने की परंपरा के पीछे भी बड़ा सुंदर तर्क है। पुराने समय में जब पीतल या तांबे के बर्तन खरीदे जाते थे, तो उनका सीधा संबंध बेहतर स्वास्थ्य से होता था। साथ ही, नया बर्तन घर आने का मतलब होता था कि घर का चूल्हा-चौका भरा-पूरा रहे, अन्नपूर्णा की कृपा बनी रहे.
आज कल लोग अपनी सहूलियत और बजट के हिसाब से खरीदारी करते है। कोई सोने का सिक्का लेता है, तो कोई चांदी की पायल या गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति। जिनके पास ज्यादा बजट नही होता, वे रसोई के लिए छोटा चम्मच या कटोरी ही ले आते है। बात धातु की कीमत की नहीं, उस भाव की है जिसके साथ पूरे परिवार के लिए मंगल कामना की जाती है.
दीपदान और यम का दीया :-
धनतेरस की शाम का एक बेहद अहम् और शांत पहलू है ‘यम दीपदान’। दिन भर की गहमागहमी और खरीदारी के बाद, जब सांझ ढलती है, तो घर के मुख्य द्वार के बाहर दक्षिण दिशा की ओर मुख करके एक चौमुखा दीपक जलाया जाता है। इसे यमराज की दीया कहा जाता है.
घर के बुजुर्ग यह बताते है कि यह दीया परिवार के सदस्यों की अकाल मृत्यु के भय को दूर करने और लंबा आयु की प्राथना के लिए रखा जाता है। जीवन में प्रकाश लाने या स्वागत करने से पहले अंधेरे और मृत्यु के देवता को भी आदर के साथ नमन करना, हमारी संस्कृति की गहरी समझ को दिखाता है। यह दीपक हमे सिखाता है कि जीवन अनमोल है, और अपने परिजनों की सलामती से बड़ी कोई दौलत नही है.
कुबेर और लक्ष्मी का पूजन :-
धनतेरस पर कुबेर देव और मां लक्ष्मी की पूजा का भी विधान है। कुबेर को धन का रक्षक माना गया है। घर में शाम को धूप-बत्ती सुलगाई जाती है, खील बताशों का भोग लगता है और जो नई वस्तु खरीदी गई होती है, उस पूजा के स्थान पर रखकर उस पर रोली-चावल लगाया जाता है.
इस पूजा का मूल सार लोभ नहीं बल्कि संतोष है। हमारे यहाँ धन को सिर्फ बैंक बैलेंस नहीं माना गया, उसे लक्ष्मी कहा गया है। यानी वह साधन जो जीवन को गरिमा और सरलता दे, अहंकार नहीं। धनतेरस पर हम इसी बात की प्रार्थना करते हैं कि घर में जो भी आए, वह ईमानदारी से आए और सबका कल्याण करे.
झाडू खरीदने का अनोखा शगुन :-
धनतेरस पर एक बहुत प्यारी और जमीनी रस्म है- झाडू खरीदना। सोने-चाँदी के शोर में एक साधारण सी सींक वाली या फूल झाड़ू का महत्व कम नहीं होता। लोक मान्यताओं में झाडू को माँ लक्ष्मी का प्रतीक माना गया है, क्योंकि वह घर की दरिद्रता, गंदगी और नकारात्मकता को बाहर निकालती है. यह परंपरा हमें याद दिलाती है कि किसी भी नए विचार या समृद्धि के आने से पहले मन और घर की सफाई बहुत जरूरी है. जब तक भीतर का मैल और बाहर की गंदगी नहीं हटेगी, तब तक किसी भी शुभ ऊर्जा का वास नहीं हो सकता.
दिखावे से परे, रिश्तों की मिठास :-
आज के दौर में, जब हर चीज का बाजारीकरण हो चुका है, धनतेरस पर भी अक्सर दिखावे की होड़ नजर आती है. किसने कितना भारी गहना खरीदा या कौन सा नया गैजेट घर लाया, इसकी तुलना होने लगती है. लेकिन त्योहारों का मकसद कभी दूसरे से आगे निकलना नहीं था, बल्कि सबको साथ लेकर चलना था.
अगर इस धनतेरस पर कुछ नया जोड़ना चाहें, तो वह है अपने आस पास के लोगों के जीवन में खुशियां बांटना. उस कुम्हार से दीये खुशी-खुशी खरीदिए जो दिनभर सड़क किनारे बैठकर ग्राहक का इंतजार करता है. घर में काम करने वाले सहायकों को उनकी जरूरत की कोई चीज उपहार में दीजिए. जब आपकी वजह से किसी के चेहरे पर मुस्कान आती है, तो वह सबसे बड़ा धनतेरस बन जाता है.
दीपावली के इस पहले दीये की लौ आपके भीतर की चिंताओं को दूर करें, शरीर को निरोगी रखे और मन में संतोष का उजास भरे। धनतेरस की असली चमक बाज़ार के सामान में नहीं बल्कि अपनों के साथ बैठकर चाय की चुस्की लेने और दिल से मुस्कुराने में है.
